चीन में एक एक्सपेरिमेंटल मैगलेव ट्रेन ने सिर्फ़ 5 सेकंड में 800 kmph की रफ्तार पकड़ ली। यह टेस्ट शानक्सी प्रांत के दातोंग में किया गया। खास लो-वैक्यूम टेस्ट फैसिलिटी में ट्रेन की यह स्पीड दर्ज की गई। टेस्ट के लिए 400 मीटर लंबा ट्रैक तैयार किया गया था। करीब एक टन के टेस्टिंग व्हीकल ने इस दौरान जबरदस्त तेजी दिखाई।
यह टेस्ट हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में चीन की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

महज 5 सेकंड में 800 kmph की रफ्तार
रिपोर्ट्स की मानें तो, एक्सपेरिमेंटल ट्रेन ने करीब 5 सेकंड में 800 kmph की रफ्तार पकड़ ली। इसे जमीन पर चलने वाले ट्रांसपोर्ट सिस्टम के लिए शानदार उपलब्धि माना जा रहा है। इस टेस्ट में इलेक्ट्रोमैग्नेटिक प्रोपल्शन का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, कम प्रेशर वाला वातावरण तैयार किया गया।
इससे एयर रेजिस्टेंस कम हुआ। टेस्ट से पता चला कि मैगलेव टेक्नोलॉजी और कम एयर रेजिस्टेंस को मिलाकर बेहद तेज रफ्तार हासिल की जा सकती है।
चीन की मैगलेव ट्रेन ने फिर रचा इतिहास
यह टेस्ट इसलिए भी खास है क्योंकि चीन इससे पहले भी स्पीड के मामले में रिकॉर्ड बना चुका है। जहां पिछले टेस्ट में रिसर्चर्स ने करीब 7 सेकंड में 650 kmph की रफ्तार हासिल की थी। वही, अब 800 kmph की रफ्तार ने इस रिकॉर्ड को और आगे बढ़ा दिया है। यह एक्सेलरेशन और पीक स्पीड, दोनों के लिहाज से बड़ी कामयाबी है।
रिसर्चर्स अब इस टेक्नोलॉजी को और बेहतर बनाने में जुटे हैं। उनका लक्ष्य बेहद तेज ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार करना है। माना जा रहा है कि भविष्य में इसकी स्पीड एयरक्राफ्ट के करीब पहुंच सकती है।
कम वैक्यूम क्यों जरूरी है?
ट्रेन की स्पीड बढ़ने पर हवा का दबाव भी बढ़ता है। इससे ट्रेन को आगे बढ़ने में ज्यादा पॉवर लगती है। आम ट्रेनों में यह एक बड़ी चुनौती है। मैग्लेव सिस्टम इस समस्या को काफी हद तक कम कर देता है।
इसमें ट्रेन और ट्रैक के बीच सीधा संपर्क नहीं होता। दरअसल ट्रेन मैग्नेटिक स्ट्रेंथ की मदद से हवा में तैरती है। इससे फ्रिक्शन काफी कम हो जाता है।
ऐसे में कम वैक्यूम हवा के दबाव को और कम करता है। इससे ट्रेन को तेज स्पीड हासिल करने में मदद मिल सकती है। इस तकनीक के जरिए भविष्य में बेहद तेज ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार किए जा सकते हैं।
पैसेंजर ट्रेन के लिए अभी कई टेस्ट बाकी
यह 800 kmph की स्पीड भले ही चौंकाने वाली है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि चीन जल्द ही 800 kmph की पैसेंजर ट्रेन शुरू करने जा रहा है। यह टेस्ट एक छोटे एक्सपेरिमेंटल व्हीकल पर किया गया था। इसे बेहद कंट्रोल्ड कंडीशन में चलाया गया। टेस्ट ट्रैक भी सिर्फ 400 मीटर लंबा था।
एक कमर्शियल पैसेंजर ट्रेन के लिए इससे कहीं बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होगी। इसमें लंबे गाइडवे, एडवांस सेफ्टी सिस्टम और स्टेशन शामिल हैं। इमरजेंसी के लिए भी अलग सिस्टम चाहिए।
इसके अलावा, रियल कंडीशंस में सुरक्षित और भरोसेमंद ऑपरेशन भी साबित करना होगा। फिलहाल, यह तकनीक टेस्टिंग के दौर में है।
क्या मैगलेव बनेगी हवाई यात्रा का विकल्प?
चीन हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम कर रहा है। इसमें हाई-स्पीड रेल, ट्रेडिशनल मैगलेव और लो-वैक्यूम ट्रांसपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।अगर ये टेक्नोलॉजी सुरक्षित और किफायती साबित होती है, तो इसका असर काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
खासकर बड़े शहरों के बीच सफर का समय कम किया जा सकता है। ऐसे में भविष्य में मैगलेव ट्रेनें एयर ट्रेवल को टक्कर दे सकती हैं।
मैगलेव की रफ्तार के आगे कौन सी चुनौती?
बता दें कि यह सिस्टम कुछ रूट्स पर हवाई यात्रा का विकल्प बन सकता है। खासकर उन रूट्स पर, जहां दूरी कम है। लेकिन इसे जमीन पर उतारना आसान नहीं होगा। इसके लिए बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होगी। इसे बनाने की लागत भी काफी ज्यादा हो सकती है। यही वजह है कि इस तकनीक के सामने अभी कई बड़ी चुनौतियां हैं।
हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट में चीन का अगला कदम
बताते चलें कि चीन के पास पहले से ही दुनिया का सबसे बड़ा हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क है। देश को कमर्शियल मैगलेव टेक्नोलॉजी का भी अच्छा अनुभव है। अब यह नया टेस्ट हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट की कमियों को और आगे बढ़ाने की कोशिश है।
रिसर्चर्स कई पहलुओं पर काम करेंगे। इनमें एक्सेलरेशन, स्थिरता, पॉवर कंजम्पशन और बड़े स्तर पर इस्तेमाल शामिल हैं।
हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती अभी बाकी है। देखना होगा कि क्या इस तकनीक को टेस्टिंग से निकालकर कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सिस्टम में बदला जा सकता है।
60- Words Summary:
चीन में एक एक्सपेरिमेंटल मैगलेव ट्रेन ने सिर्फ 5 सेकंड में 800 kmph की रफ्तार हासिल की। यह टेस्ट शानक्सी के दातोंग में 400 मीटर लंबे ट्रैक पर हुआ। करीब एक टन के टेस्ट व्हीकल ने लो-वैक्यूम वातावरण में यह स्पीड हासिल की। इस तकनीक से एयर रेजिस्टेंस और फ्रिक्शन कम किया जाता है। हालांकि, पैसेंजर ट्रेन के लिए अभी कई टेस्ट बाकी हैं।
