WhatsApp Web यूजर्स सावधान! हैकर्स चुरा सकते हैं आपके पैसे, सरकार ने जारी की चेतावनी


Bhawna Mishra

Bhawna Mishra

Nov 25, 2026



WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार ने साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अगर आप भी कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp अकाउंट लॉग-इन करके छोड़ देते हैं, तो सावधान हो जाएं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही साइबर ठगों को आपके अकाउंट तक पहुंचा सकती है।

दरअसल, 23 नवंबर 2026 को जारी एडवाइजरी में ‘नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट’ (NCTAU) ने इस खतरे को लेकर चेतावनी दी है। यह यूनिट ‘इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर’ (I4C) के तहत काम करती है। 

एजेंसी ने बताया, साइबर अपराधी एक्टिव WhatsApp Web सेशन का फायदा उठा सकते हैं। इसके जरिए वे आपकी प्राइवेट चैट पढ़ सकते हैं। वे आपके नाम से दूसरों को मैसेज भेज सकते हैं। यहां तक कि पैसों से जुड़ी धोखाधड़ी भी कर सकते हैं।

WhatsApp Web पर लॉग-इन छोड़ना पड़ सकता है भारी

कई लोगों को लगता है कि कंप्यूटर या लैपटॉप का ब्राउज़र बंद करते ही WhatsApp Web भी लॉग आउट हो जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है। एडवाइजरी में इसी गलतफहमी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

ब्राउज़र बंद होने के बाद भी WhatsApp Web अकाउंट लॉग-इन रह सकता है। ऐसे में अगर किसी दूसरे व्यक्ति को उस कंप्यूटर तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकता है।

निजी चैट से लेकर कॉन्टैक्ट लिस्ट तक खतरे में

साइबर अटैकर्स आपकी प्राइवेट चैट पढ़ने के साथ कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप की बातचीत भी देख सकते हैं। इतना ही नहीं, वे आपके नाम से दूसरों को फर्जी मैसेज भेजकर धोखा दे सकते हैं।

इसके जरिए ठग आपके दोस्तों और परिवार वालों से पैसे मांग सकते हैं। वे उन्हें फर्जी लिंक भेजकर भी अपने जाल में फंसा सकते हैं। इस तरह की धोखाधड़ी को फिशिंग अटैक कहा जाता है।

आमतौर पर ऐसे मैसेज किसी जान-पहचान वाले के अकाउंट से आते हैं। इसलिए लोग उन पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं। इससे ठगी का खतरा और बढ़ जाता है।

सरकारी कामकाज के लिए WhatsApp Web इस्तेमाल न करें

सरकार ने कर्मचारियों को सरकारी काम के लिए WhatsApp Web का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। साइबर सिक्योरिटी एजेंसी के मुताबिक, इसके जरिए कॉन्फिडेंटिअल डाक्यूमेंट्स, ऑफिस के मैसेज और वित्तीय जानकारी शेयर करने से बचना चाहिए। इस प्लेटफॉर्म पर दूसरी संवेदनशील जानकारियां साझा करने से भी बचें।

खासकर ऑफिस के कंप्यूटर और ऐसे सिस्टम पर सावधानी बरतने की जरूरत है, जिनका इस्तेमाल कई लोग करते हैं। 

इसके अलावा, साइबर कैफे, होटल और पब्लिक प्लेस पर मौजूद कंप्यूटर से भी WhatsApp Web लॉग-इन न करने की सलाह दी गई है।


WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय रहें अलर्ट

अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करें। काम पूरा होने के बाद अकाउंट को मैन्युअली लॉग आउट करना न भूलें।

हालांकि, सिर्फ इनकॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करना पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। इससे कंप्यूटर में मौजूद मैलवेयर या असुरक्षित सिस्टम से बचाव नहीं होता। इसलिए ऐसे सिस्टम पर WhatsApp Web चलाते समय सावधान रहें।

WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय अपनाएं ये सुरक्षा टिप्स

सरकार ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इन आसान तरीकों से आप अपने अकाउंट को साइबर हैकर्स से सुरक्षित रख सकते हैं।

1. हर बार इस्तेमाल के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉग आउट करें।

2. अपने अकाउंट को कंप्यूटर या लैपटॉप पर हमेशा लॉग-इन करके न छोड़ें।

3. पब्लिक या अनजान कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचें।

4. अपने अकाउंट में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखें।

5. कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउज़र और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।

6. अनजान फाइलें, अटैचमेंट और पायरेटेड सॉफ्टवेयर डाउनलोड न करें।

सरकार ने यूजर्स को दी जरूरी सलाह

WhatsApp अकाउंट की सुरक्षा के लिए समय-समय पर चेक करते रहें कि उससे कौन-कौन से डिवाइस जुड़े हैं। अगर लिस्ट में कोई अनजान डिवाइस नजर आए या ऐसा डिवाइस दिखे जिसका आप अब इस्तेमाल नहीं करते, तो उसे तुरंत लॉग आउट कर दें।

इसके अलावा, अगर कोई दोस्त या रिश्तेदार अचानक पैसे मांगे, तो पहले जांच कर लें। जल्दबाजी में पैसे न भेजें। पहले उसे फोन करके इस बारे में पुष्टि कर लें। हो सकता है कि किसी ने उसके WhatsApp अकाउंट का गलत इस्तेमाल किया हो।

 इस बात का ध्यान रखें कि सरकार ने यह एडवाइजरी यूजर्स को साइबर अटैक्स से बचाने के लिए जारी की है। WhatsApp Web पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।

60-Words Summary:

सरकार ने WhatsApp Web यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। कंप्यूटर पर अकाउंट लॉग-इन छोड़ना आपकी निजी चैट, कॉन्टैक्ट्स और वित्तीय जानकारी को खतरे में डाल सकता है। साइबर ठग आपके नाम से फर्जी मैसेज भेजकर पैसों की ठगी भी कर सकते हैं। ऐसे में हर बार मैन्युअली लॉग आउट करें। पब्लिक कंप्यूटर से बचें और अनजान डिवाइस तुरंत हटाएं।


Bhawna Mishra
Bhawna Mishra
  • 819 Posts

She is a seasoned writer with a passion for Storytelling and a keen interest in diverse topics. With 2.5 years of experience, she excels in writing about Tech, Sports, Entertainment, and various Niche topics. Bhawna holds a Postgraduate Degree in Journalism and Mass Communication from St Wilfred’s College of Jaipur.

Subscribe Now!

Get latest news and views related to startups, tech and business

You Might Also Like

Recent Posts

Related Videos

   

Subscribe Now!

Get latest news and views related to startups, tech and business

who's online