जियोमार्ट के रिफंड से जुड़े एक मामले में रिलायंस रिटेल को झटका लगा है। हरियाणा के एक उपभोक्ता आयोग ने रिलायंस रिटेल और रिलायंस स्मार्ट सुपरस्टोर को 7,500 रुपये देने का आदेश दिया है। दरअसल, कंपनी ने दोनों रिफंड में 1-1 रुपया बैंक अकाउंट के बजाय वॉलेट में क्रेडिट किया।
कमिशन ने कहा कि ग्राहक की सहमति के बिना रिफंड दूसरी जगह ट्रांसफर करना गलत है। यह आदेश 28 अक्टूबर 2026 को पंचकूला जिला उपभोक्ता आयोग ने दिया था। कमीशन ने 24 वर्षीय निष्ठा राघव की शिकायत पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।

दो रिफंड से शुरू हुआ पूरा विवाद
दरअसल, निष्ठा राघव ने 23 और 25 जनवरी 2026 को जियोमार्ट से किराने का सामान ऑर्डर किया था। इन दोनों ऑर्डर की कीमत 319 रुपये और 116 रुपये थी। हर ऑर्डर में 19 रुपये की एक चॉकलेट भी शामिल थी। हालांकि, चॉकलेट उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों ऑर्डर से इसे हटा दिया गया।
इसके बाद जियोमार्ट ने हर ऑर्डर के लिए 19 रुपये रिफंड करने की बात कही। लेकिन राघव के बैंक अकाउंट में हर बार सिर्फ 18 रुपये ही आए। बाकी 1-1 रुपए उनके ‘ट्विड’ (Twid – Pay with Rewards) अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए गए।
राघव का कहना था कि उन्होंने इस बदलाव की अनुमति नहीं दी थी। उन्हें यह जानकारी भी नहीं दी गई थी कि रिफंड का कुछ पैसा डिजिटल वॉलेट में जाएगा।
जिसके बाद उन्होंने 3 फरवरी को ऐप के जरिए शिकायत दर्ज की। लेकिन समस्या हल किए बिना ही शिकायत को ‘रेसॉल्व्ड’ दिखा दिया गया।
ऐसे में राघव ने 14 फरवरी को कंपनी को लीगल नोटिस भेजा। फिर भी समाधान नहीं मिला। आखिरकार, उन्होंने कंज्यूमर कमीशन में शिकायत दर्ज कराई।
आयोग ने रिफंड के तरीके पर उठाए सवाल
आयोग के मुताबिक, बैंक अकाउंट और रिवॉर्ड वॉलेट पैसे रखने और इस्तेमाल करने के दो अलग-अलग तरीके हैं।
कंपनी ने अगर भुगतान के उसी तरीके से रिफंड देने का वादा किया है, तो वह खरीदार को वॉलेट में पैसे लेने के लिए मजबूर नहीं कर सकती। ऐसे में कंज्यूम को अपनी पसंद के तरीके से रिफंड पाने का अधिकार है।
आयोग ने यह भी कहा कि रिटेलर ऐसा कोई सबूत पेश नहीं कर पाया, जिससे पता चले कि राघव ने वॉलेट में पैसे एडजस्ट करने की सहमति दी थी।
इसके अलावा, कंपनी यह भी साबित नहीं कर सकी कि राघव ने ऐसी किसी रिफंड पॉलिसी को एक्सेप्ट किया था।
पैसे लौटाने के बजाय वॉलेट में क्रेडिट क्यों?
राघव के केस में रिफंड का पूरा पैसा वापस नहीं मिला। कुछ रकम डिजिटल रिवॉर्ड वॉलेट में डाल दी गई। ऐसे में बचा हुआ बैलेंस इस्तेमाल करने के लिए उन्हें उसी प्लेटफॉर्म पर दोबारा खरीदारी करनी पड़ सकती है।
इस मामले में ‘सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी’ (CCPA) के साल 2023 के दिशानिर्देशों का हवाला दिया गया। इन दिशानिर्देशों में ऐसे तरीकों को गलत बताया गया है। इससे ग्राहकों की अपनी पसंद से खरीदारी करने की आजादी भी प्रभावित हो सकती है।
रिफंड मामले में रिलायंस पर लगा 7,500 रुपये का जुर्माना
रिलायंस रिटेल और रिलायंस स्मार्ट सुपरस्टोर को इस मामले में जिम्मेदार माना गया है। कमीशन के मुताबिक, दोनों कंपनियों की ओर से सेवा में कमी और गलत व्यापार व्यवहार किया गया।
आयोग ने कंपनियों को निर्देश दिया कि वे राघव को 2,500 रुपये का कंपनसेशन दें। इसके अलावा, 5,000 रुपये ‘फ्री लीगल एड स्टेट कमीशन, हरियाणा’ के पास जमा करने होंगे। यह रकम जुर्माने के तौर पर देनी होगी।
इस तरह दोनों कंपनियों को कुल 7,500 रुपये देने होंगे।
ऑनलाइन रिफंड के समय इन बातों का रखें ध्यान
यह मामला बताता है कि ऑनलाइन शॉपिंग में रिफंड की प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए। अगर कोई प्लेटफॉर्म उसी तरीके से पैसे लौटाने का वादा करता है, जिससे पेमेंट किया गया था।
तो वह ग्राहक की सहमति के बिना रिफंड का कुछ हिस्सा वॉलेट में ट्रांसफर नहीं कर सकता। ऐसा करने पर विवाद हो सकता है।
इस मामले में रिफंड के तरीके पर भी सवाल उठते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म रिफंड की रकम अपने रिवॉर्ड वॉलेट में डाल देते हैं। इससे खरीदार उसी प्लेटफॉर्म पर दोबारा खरीदारी कर सकते हैं।
हालांकि, वॉलेट में रिफंड देना हमेशा गलत नहीं है। अगर प्लेटफॉर्म ने पहले से इसकी जानकारी दी है और यूजर्स ने इसके लिए सहमति दी है, तो ऐसा किया जा सकता है।
60-Words Summary:
जियोमार्ट के रिफंड मामले में रिलायंस रिटेल को 7,500 रुपये देने होंगे। हरियाणा के पंचकूला जिला उपभोक्ता आयोग ने यह आदेश दिया है।ग्राहक को मिलने वाले दोनों रिफंड में से 1-1 रुपया डिजिटल वॉलेट में क्रेडिट किया गया। यूजर ने इसकी सहमति नहीं दी थी। आयोग ने इसे गलत व्यापार व्यवहार और सेवा में कमी माना। कंपनियों को 2,500 रुपये मुआवजा और 5,000 रुपये जुर्माने के तौर पर जमा करने होंगे।
