महाराष्ट्र से दूध में मिलावट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। जांच टीम का अनुमान है कि पिछले छह महीनों में 2.3 करोड़ लीटर से ज्यादा मिलावटी दूध बाजार में बेचा गया।
आरोप है कि घटिया मिल्क पाउडर, डिटर्जेंट और दूसरे केमिकल मिलाकर सिंथेटिक दूध तैयार किया जाता था। इस खुलासे के बाद फूड सेफ्टी अधिकारियों और पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

केमिकल और डिटर्जेंट से तैयार होता था दूध
बताया जा रहा है कि आरोपी घटिया क्वालिटी मिल्क पाउडर में केमिकल और डिटर्जेंट मिलाकर सिंथेटिक दूध तैयार करते थे। इससे दूध का रंग, गाढ़ापन और टेक्सचर बिल्कुल असली जैसा दिखता था।
इसके बाद इस मिलावटी दूध को कलेक्शन सेंटरों और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए बाजार में बेचा जाता था। ऐसे में ग्राहकों के लिए असली और नकली दूध के बीच फर्क कर पाना बेहद मुश्किल था।
अधिकारियों का अनुमान है कि इस रैकेट में हजारों किलोग्राम घटिया क्वालिटी का मिल्क पाउडर इस्तेमाल किया गया। इसी वजह से यह नेटवर्क कई महीनों तक लगातार भारी मात्रा में नकली दूध तैयार कर रहा था।
मिलावटी दूध से सेहत पर गंभीर असर
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिंथेटिक या मिलावटी दूध सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। अगर इसमें हानिकारक केमिकल मिले हों, तो लंबे समय तक इसका सेवन डाईजेस्टिव सिस्टम, किडनी और लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसका सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को रहता है।
ऐसे में एक्सपर्ट्स की सलाह है कि दूध खरीदते समय उसके टेस्ट,स्मेल और टेक्सचर पर जरूर ध्यान दें। कुछ भी असामान्य लगने पर, उसका इस्तेमाल न करें। साथ ही, दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स हमेशा भरोसेमंद और ऑथराइज्ड सेलर से ही खरीदें।
महाराष्ट्र में तेज हुई मिलावट की जांच
अधिकारियों ने इस रैकेट में शामिल सभी लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। टीम पूरी सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ रही है। ताकि पता चले कि यह मिलावटी दूध राज्य के किन-किन इलाकों तक पहुंचा।
जांच एजेंसियां उन कलेक्शन सेंटरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स की भी पहचान कर रही हैं। जिन्होंने जाने-अनजाने में इस नकली दूध को बेचने में मदद की।
फूड सेफ्टी पर सरकार का सख्त एक्शन
इस मामले के बाद फूड सेफ्टी अधिकारियों ने अपनी जांच शुरू कर दी है। डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट, दूध कलेक्शन सेंटरों और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि मिलावट करने वाले लोगों और कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
सरकार का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
दूध खरीदते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
इस मामले ने एक बार फिर खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दूध हमेशा भरोसेमंद ब्रांड से ही खरीदें। पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट को भी ध्यान से चेक करें।
अगर किसी भी तरह की मिलावट का शक हो, तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। ऐसे मामलों को रोकने के लिए विभाग और उपभोक्ता, दोनों का सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
60-Words Summary:
महाराष्ट्र में बड़े मिलावटी दूध रैकेट का खुलासा हुआ है। जांच में पिछले छह महीनों में 2.3 करोड़ लीटर से ज्यादा नकली दूध बेचने का अंदेशा जताया गया है। आरोप है कि डिटर्जेंट, केमिकल और घटिया मिल्क पाउडर से सिंथेटिक दूध तैयार किया जाता था। मामले के बाद पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग ने जांच तेज कर दी है। एक्सपर्ट्स ने लोगों को सिर्फ ऑथराइज्ड सेलर से दूध खरीदने की सलाह दी है।
