भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग को लेकर शानदार पहल की है। अब ‘RailOne’ ऐप से डिजिटल पेमेंट के जरिए अनरिजर्व्ड टिकट बुक करने पर 3% की सीधी छूट मिलेगी। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य स्टेशन पर टिकट काउंटरों की भीड़ को कम करना है। साथ ही, इससे यात्रियों में डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा मिलेगा। इस ऑफर का फायदा रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले लाखों लोगों को मिल सकता है।

किन यात्रियों को मिलेगी यह छूट?
बता दें कि 3% छूट का फायदा केवल ‘RailOne’ ऐप से टिकट बुक करने पर ही मिलेगा। इइसके लिए डिजिटल पेमेंट करना जरूरी होगा। यात्री UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से पेमेंट कर सकते हैं।
ध्यान दे कि यह छूट केवल अनरिजर्व्ड टिकटों पर ही लागू है। रिजर्व्ड केटेगरी के टिकटों पर यह डिस्काउंट नहीं मिलेगा। यह सुविधा सिर्फ सीमित समय के लिए उपलब्ध रहेगी।
क्यों बदल रहा है टिकट बुकिंग का तरीका?
रेलवे की इस नई शुरुआत का उद्देश्य डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देना है। ‘RailOne’ ऐप से टिकट बुक करने पर यात्रियों को काउंटर पर लगने वाली लंबी लाइन से राहत मिल सकती है। ऐप के इस्तेमाल से यात्रियों का कीमती समय बचेगा।
टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी पहले से तेज और आसान हो जाएगी। खासकर पीक आवर्स में यात्रियों को अब लंबी लाइनों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
क्या है यह RailOne ऐप?
भारतीय रेलवे का ‘RailOne’ ऐप यात्रियों के लिए एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस एक ही ऐप से यूजर्स रिजर्व्ड और अनरिजर्व्ड, दोनों तरह के टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इससे पैसेंजर्स ट्रेन का लाइव स्टेटस, PNR और प्लेटफॉर्म टिकट भी आसानी से चेक कर सकेंगे।
इतना ही नहीं, ऐप में यात्रियों की शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है। इस इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के आने से अब पैसेंजर्स को अलग-अलग रेलवे सेवाओं के लिए कई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी।
डेली पैसेंजर्स की होगी बड़ी बचत
यह सुविधा रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए फायदेमंद हो सकती है। भले ही यह डिस्काउंट 3% का है, लेकिन पैसेंजर्स के लिए ये बड़ी बचत साबित होगी। लोकल और कम दूरी के रूट पर चलने वाले डेली पैसेंजर्स को इससे सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। अब उन्हें स्टेशन पर लंबी लाइनों में खड़े होने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है। वे कहीं से भी मिनटों में अपना टिकट बुक कर सकते हैं।
रेलवे को उम्मीद है कि इस पहल से कैशलेस और डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा मिलेगा।
डिजिटल इंडिया से बदलेगा रेल का सफर
कुल मिलाकर, यह नई डिस्काउंट स्कीम रेलवे को आधुनिक बनाने की कोशिशों का एक हिस्सा है। जैसे-जैसे यात्री डिजिटल टिकट अपना रहे हैं, रेलवे का काम भी तेज और आसान हो रहा है। ‘RailOne’ जैसी ऐप से यात्रियों की सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं। साथ ही, इससे सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन को भी काफी मजबूती मिल रही है।
