देश में एक बार फिर बड़े पैमाने पर नौकरियां जाने की आशंका है। दरअसल, अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी Qualcomm भारत में अपने वर्कफोर्स में कटौती कर रही है। कंपनी के इस फैसले से बड़ी संख्या में जॉब्स पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी शुरुआत 9 नवंबर को बेंगलुरु से हो चुकी है। देशभर में करीब 1,000 पदों पर असर पड़ने की आशंका है।
माना जा रहा है कि इसका असर हैदराबाद, दिल्ली-NCR और चेन्नई में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं है।

सीनियर इंजीनियर भी कंपनी के फैसले से प्रभावित
भारत में Qualcomm के करीब 20,000 कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी के इस फैसले से इनमें से लगभग 5-6% कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौकरी से निकाले जाने का नोटिस पाने वालों में सीनियर इंजीनियर और लंबे समय से कंपनी के साथ काम कर रहे कर्मचारी भी शामिल हैं।
कर्मचारियों को तीन महीने की सैलरी का ऑफर
Qualcomm ने नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए सेटलमेंट अमाउंट का ऑफर रखा है। रिपोर्ट्स की मानें तो, कंपनी कर्मचारियों को तीन महीने की सैलरी देगी।
इसके अलावा, कंपनी में काम करने के समय के आधार पर अलग से राशि भी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि जो एम्प्लॉयीज तीन दिनों के भीतर अपने एग्जिट डॉक्यूमेंट्स पर साइन करेंगे, उन्हें एक महीने की अतिरिक्त सैलरी मिलेगी। यह ऑफर एग्जिट प्रोसेस को जल्द पूरा करने के लिए दिया जा रहा है।
हालांकि, Qualcomm ने इस एग्जिट पैकेज के बारे में अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। कंपनी ने कर्मचारियों को दी जाने वाली कंडीशंस से जुड़ी डिटेल्स भी पब्लिक नहीं की हैं।
परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद लिया गया बड़ा फैसला
भारत में कर्मचारियों की नौकरी जाने का मामला कंपनी की ग्लोबल री-स्ट्रक्चरिंग से जुड़ा है। 20 अक्टूबर को Qualcomm के CEO क्रिस्टियानो अमोन ने कर्मचारियों को एक इंटरनल मैसेज शेयर किया।
मैसेज में उन्होंने दुनियाभर में कर्मचारियों की संख्या कम करने की योजना बताई थी। यह फैसला एनुअल परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद लिया गया।
कंपनी ने इसे ‘परफॉर्मेंस पर आधारित बदलाव’ बताया है। इसका उद्देश्य कामकाज को बेहतर बनाना है।
हैरानी की बात ये है कि इस प्रक्रिया में अनुभवी इंजीनियर भी शामिल हैं। इस फैसले के चलते कंपनी पर कई सवाल उठ रहे हैं।
RF, ब्लूटूथ और वाई-फाई समेत कई टीमें प्रभावित
बता दें कि कंपनी ने एम्प्लॉयीज का सिलेक्शन कई बातों को ध्यान में रखकर किया है। इनमें उनका पर्सनल परफॉरमेंस, टीम का इवैल्यूएशन और सीनियर अधिकारियों के असेसमेंट शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फैसले का असर कई इंजीनियरिंग टीमों पर पड़ा है। इनमें रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF), ब्लूटूथ, वाई-फाई और ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) से जुड़े डिपार्टमेंट शामिल हैं।
चिप कारोबार में गिरावट से बढ़ीं मुश्किलें
बताते चलें कि Qualcomm के स्मार्टफोन चिप बिजनेस में भी मुश्किलें बढ़ रही हैं। स्मार्टफोन कंपनी के रेवेन्यू का सबसे बड़ा सोर्स हैं। हालांकि पिछले कुछ से मार्केट में इनकी डिमांड कम हो रही है।
Techarc के फाउंडर फैसल कावूसा के मुताबिक, 2026 में भारत के स्मार्टफोन मार्केट में गिरावट आई है। उनके अनुसार, Qualcomm के रेवेन्यू में स्मार्टफोन बिजनेस की हिस्सेदारी करीब 51% है। ऐसे में इस बाजार में होने वाले बदलावों का असर कंपनी की कमाई पर भी पड़ सकता है।
भारत में Qualcomm के सामने एक और चुनौती है। दरअसल, हाल ही में स्मार्टफोन चिप मार्केट में ताइवान की कंपनी मीडियाटेक (MediaTek) ने उसे पीछे छोड़ दिया है। जिससे क्वालकॉम (Qualcomm) को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
स्मार्टफोन के अलावा नए बिजनेज पर फोकस
Qualcomm अब स्मार्टफोन के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी अपना कारोबार बढ़ा रही है। कंपनी भविष्य में इनकम जनरेट करने के नए रास्ते तलाश रही है।
इसके लिए वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा सेंटर चिप जैसे क्षेत्रों पर फोकस कर रही है।
कंपनी का ऑटोमोटिव बिजनेस तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन नए सेक्टर से रेवेन्यू आने में अभी वक्त लगेगा।
Techarc के फैसल कावूसा ने बताया, अगले 3 से 5 साल में Qualcomm के रेवेन्यू में ऑटोमोटिव बिजनेस का शेयर 25-30% तक पहुंच सकता है। उनके अनुसार, कंपनी को मुनाफा बढ़ाने के लिए स्मार्टफोन पर अपनी निर्भरता कम करनी होगी।
60-Words Summary:
अमेरिकी चिप कंपनी Qualcomm भारत में बड़े पैमाने पर लेऑफ कर रही है। इससे करीब 1,000 जॉब्स पर असर पड़ सकता है। इसकी शुरुआत बेंगलुरु से हो चुकी है। सीनियर इंजीनियर भी इस छंटनी में शामिल हैं। कंपनी ने यह फैसला ग्लोबल रीस्ट्रक्चरिंग के तहत लिया है। अब Qualcomm AI, ऑटोमोटिव और डेटा सेंटर जैसे नए बिजनेस पर भी ध्यान दे रही है।
