दिल्ली से मेरठ जाने वालों के लिए अब सफर और तेज होने वाला है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) 16 नवंबर, 2026 से ‘नमो भारत’ ट्रेन की आठ नई लिमिटेड-स्टॉप सर्विसेज शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें सुबह और शाम के पीक आवर्स में चलेंगी। इनसे पैसेंजर्स 50 मिनट से भी कम समय में पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का सफर तय कर सकेंगे।

अब सिर्फ पांच स्टेशनों पर रुकेगी Namo Bharat
बता दें कि नमो भारत की नई लिमिटेड-स्टॉप सर्विस सामान्य ट्रेनों से अलग होगी। जहां सामान्य ट्रेनें लगभग सभी स्टेशनों पर रुकती हैं। वहीं नई तेज ट्रेनें सिर्फ पांच प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी। इनमें शामिल हैं-
– सराय काले खाँ
– आनंद विहार
– गाजियाबाद
– बेगमपुल
– मोदीपुरम
इन ट्रेनों में कम स्टॉपेज रखे गए हैं। ताकि प्रमुख रेजिडेंशियल, कमर्शियल और ट्रांसपोर्ट हब के बीच सफर का समय कम किया जा सके।
आधे घंटे में तय होगा दिल्ली-मेरठ का सफर
NCRTC के अनुसार, नई नमो भारत सेवाओं (Namo Bharat) से अलग-अलग स्टेशनों के बीच सफर का समय कम हो जाएगा। अब आनंद विहार से गाजियाबाद तक का सफर सिर्फ 8 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, गाजियाबाद से बेगमपुल पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे।
आनंद विहार से बेगमपुल तक की दूरी करीब 36 मिनट में तय होगी। इसके अलावा, सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।
16 नवंबर से नमो भारत फास्ट ट्रेन का नया टाइमटेबल
यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत की 8 अतिरिक्त फास्ट सेवाएं शुरू की जा रही हैं। ये सुबह-शाम पीक आवर्स के समय चलेंगी। सराय काले खां और मोदीपुरम, दोनों स्टेशनों से इनका सफर एक ही समय पर शुरू होगा।
दोनों टर्मिनल स्टेशनों से ट्रेनों का टाइमटेबल इस प्रकार है-
सराय काले खां स्टेशन
सुबह: 8:00 बजे और 8:30 बजे
शाम: 6:00 बजे और 6:30 बजे
मोदीपुरम स्टेशन
सुबह: 8:00 बजे और 8:30 बजे
शाम: 6:00 बजे और 6:30 बजे
ट्रेन में सफर से पहले इन बातों का रखें ध्यान
NCRTC ने यात्रियों को सफर से पहले कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है। सफर शुरू करने से पहले यात्री स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड ज़रूर चेक करें। साथ ही, प्लेटफॉर्म पर होने वाली अनाउंसमेंट पर ध्यान दें। फास्ट और रेगुलर, दोनों ट्रेनें एक ही रूट पर चलेंगी। लेकिन इनके स्टॉपेज अलग-अलग होंगे।
ऐसे में सही जानकारी लेना जरूरी है। ताकि यात्री गलती से दूसरी ट्रेन में न चढ़ें।
नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या 5 करोड़ के पार
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस रूट पर अब तक 5 करोड़ से ज्यादा यात्राएं पूरी हो चुकी हैं।
NCRTC के अनुसार, फिलहाल रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री नमो भारत ट्रेन से सफर कर रहे हैं।
पैसेंजर्स की बढ़ती संख्या का अंदाजा पिछले तीन महीनों के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। इस दौरान हर महीने एवरेज 32 लाख से ज्यादा यात्रियों ने इस कॉरिडोर का इस्तेमाल किया।
नई लिमिटेड-स्टॉप सर्विस शुरू करने का उद्देश्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना भी है। इससे लोग निजी वाहनों के बजाय नमो भारत से सफर करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। साथ ही, NCR की सड़कों पर ट्रैफिक और पॉल्यूशन कम करने में भी मदद मिलेगी।
60-Words Summary:
दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत की नई फास्ट सर्विस शुरू होने जा रही है। NCRTC 16 नवंबर 2026 से 8 नई लिमिटेड-स्टॉप सेवाएं शुरू करेगा। ये सुबह और शाम पीक आवर्स में चलेंगी। ये ट्रेनें सिर्फ 5 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। अब पैसेंजर्स सराय काले खां से मोदीपुरम तक का सफर 50 मिनट में पूरा कर सकेंगे। इस नई सुविधा से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों का समय बचेगा।
