माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई बड़ी रुकावट की वजह अब सामने आ गई है। 12 और 13 नवंबर को हुए ग्लोबल आउटेज की जांच के बाद कंपनी ने इसकी वजह बताई है। कंपनी के मुताबिक, जुलाई 2026 में आया एक सॉफ्टवेयर बग इसका कारण था। इस गड़बड़ी के चलते आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 समेत कई सेवाएं प्रभावित हुई थीं।

दुनिया भर के लाखों यूजर्स को हुई परेशानी
माइक्रोसॉफ्ट ने 16 नवंबर को जारी अपनी शुरुआती रिपोर्ट में आउटेज से जुड़ी अहम जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, तीन अलग-अलग तकनीकी गड़बड़ियों के कारण उसका नेटवर्किंग सिस्टम प्रभावित हुआ। इससे सर्वर ने काम करना बंद कर दिया और दुनियाभर में यूजर्स को कई सेवाओं में परेशानी हुई।
यह समस्या करीब 24 घंटे तक बनी रही। इस दौरान कई देशों में कारोबार से लेकर अस्पतालों और स्कूलों तक की सर्विस प्रभावित हुई।
चार महीने तक छिपा रहा सॉफ्टवेयर बग
माइक्रोसॉफ्ट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लैमन्ना के मुताबिक, इस आउटेज की वजह एक सॉफ्टवेयर बग था। यह बग जुलाई में किए गए एक अपडेट के बाद आई थी।
इस बग का असर माइक्रोसॉफ्ट के नेटवर्किंग गेटवे सर्वर पर पड़ा। ये सर्वर कंपनी के इंटरनल सिस्टम और Microsoft 365 के बीच कनेक्शन बनाए रखते हैं।
जुलाई में यह कोड अपडेट धीरे-धीरे दुनियाभर में लागू किया गया। लेकिन नवंबर तक इससे कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। माइक्रोसॉफ्ट ने माना कि उसकी टेस्टिंग प्रोसेस में इस बग का पता नहीं चल पाया। कंपनी के टेस्ट में यह गड़बड़ी सामने ही नहीं आई थी।
बाद में, जब सर्वर पर एक खास तरह का ट्रैफिक लोड आया, तो वे उसे संभाल नहीं पाए। इसके चलते सर्वर ने रिस्पांस देना बंद कर दिया और कई सर्विसेज प्रभावित हुई।
एक के बाद एक गड़बड़ी ने बढ़ाई मुश्किल
माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी रिपोर्ट में आउटेज की तीन मुख्य वजहें बताई हैं। कंपनी के मुताबिक, इन तीनों समस्याओं के एक साथ आने से नेटवर्किंग सिस्टम पर असर पड़ा।
पहली वजह एक छिपा हुआ सॉफ्टवेयर बग था। इसके चलते कुछ खास परिस्थितियों में नेटवर्किंग गेटवे सर्वर काम करना बंद कर सकते थे।
दूसरी समस्या आउटेज से करीब 15 घंटे पहले आई।माइक्रोसॉफ्ट टीम्स का ट्रैफिक पहले दूसरे गेटवे पर था। लेकिन नेटवर्क में बदलाव के दौरान यह वापस मुख्य गेटवे पर शिफ्ट हो गया। ऐसे में मेन गेटवे पर लोड बढ़ गया।
तीसरी समस्या आउटेज से एक दिन पहले आई थी। इसके चलते गेटवे सर्वर की लगभग 14% कैपेसिटी पहले ही प्रभावित हो चुकी थी।
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इन तीनों में से कोई भी समस्या अकेले इतने बड़े आउटेज का कारण नहीं बन सकती थी। लेकिन, तीनों के एक साथ आने से सॉफ्टवेयर बग एक्टिव हो गया। इसके बाद नेटवर्किंग सिस्टम भी बढ़ते ट्रैफिक को संभालने में नाकाम रहा।
कंपनी ने बताया कि सर्वर कैपेसिटी से कहीं ज्यादा तेजी से रिक्वेस्ट आने लगीं। इसके चलते माइक्रोसॉफ्ट की कई सर्विस बड़े पैमाने पर ठप हो गई।
Microsoft की सर्विस फिर शुरू होने में क्यों लगे 24 घंटे?
माइक्रोसॉफ्ट के लिए सेवाओं को दोबारा शुरू करना उम्मीद से ज्यादा मुश्किल साबित हुआ। इसकी रिकवरी प्रक्रिया में कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं।
जब इंजीनियरों ने सर्वर को दोबारा शुरू किया, तो उन पर पहले से पेंडिंग रिक्वेस्ट का लोड बढ़ गया। सर्वर इस लोड को संभाल नहीं पाए और फिर से काम करना बंद कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, आउटेज के दौरान 80% से ज्यादा नेटवर्किंग गेटवे सर्वर ने काम करना बंद कर दिया था।
माइक्रोसॉफ्ट का ऑटोमैटिक रिकवरी सिस्टम इतने बड़े टेक्निकल प्रॉब्लम को संभालने के लिए तैयार नहीं था। वहीं, कंपनी के लिए पुराने सॉफ्टवेयर अपडेट को वापस लेना भी आसान नहीं था। इसकी वजह यह थी कि बग कई महीनों से सिस्टम में मौजूद था।
अस्पतालों से लेकर स्कूलों तक पड़ा आउटेज का असर
माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी गड़बड़ी ने दिखा दिया कि आज रोजमर्रा के कामों में क्लाउड सर्विस पर निर्भरता कितनी बढ़ गई है।
इस आउटेज का असर कई जरूरी सेवाओं पर भी पड़ा। ब्रिटेन के अस्पतालों को कामकाज जारी रखने के लिए कागजी रिकॉर्ड का सहारा लेना पड़ा। वहीं, कुछ स्कूल अपने कम्युनिकेशन सिस्टम का इस्तेमाल नहीं कर पाए।
इसके अलावा, पुलिस डिपार्टमेंट समेत कई सरकारी एजेंसियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
भारत में भी इस आउटेज का असर देखने को मिला। इंडिगो और आकासा एयर ने बताया कि उनकी ईमेल सपोर्ट सर्विस में दिक्कत आई।
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने पुष्टि की कि 14 नवंबर तक सभी सर्विस शुरू कर दी गई थीं।
माइक्रोसॉफ्ट जल्द जारी करेगी आउटेज की डिटेल्ड रिपोर्ट
माइक्रोसॉफ्ट ने इस बड़ी तकनीकी गड़बड़ी के लिए माफी मांगी है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह आउटेज किसी साइबर अटैक के चलते नहीं हुई थी। इसमें AI एजेंट्स की भी कोई भूमिका नहीं थी।
कंपनी जल्द ही इस मामले की फाइनल रिपोर्ट जारी कर सकती है। इस रिपोर्ट में आउटेज की वजह और उसे ठीक करने के लिए किए गए उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इस घटना से पता चला है कि आज कई जरूरी काम बड़ी टेक कंपनियों की सर्विस पर निर्भर हैं। ऐसे में, सर्विस ठप होने पर काम जारी रखने के लिए बैकअप सिस्टम होना जरूरी है। साथ ही, बातचीत जारी रखने के लिए दूसरे ऑप्शन भी तैयार रखने चाहिए।
60-Words Summary:
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में 12 और 13 नवंबर को आए ग्लोबल आउटेज की वजह सामने आ गई है। कंपनी के मुताबिक, जुलाई 2026 में आया एक सॉफ्टवेयर बग इसका कारण था। इससे आउटलुक, टीम्स और Microsoft 365 जैसी सेवाएं बंद हो गई थीं। इस गड़बड़ी का असर दुनिया भर के यूजर्स पर पड़ा। अस्पतालों, स्कूलों और सरकारी एजेंसियों का काम भी प्रभावित हुआ। कंपनी जल्द ही इसकी डिटेल्ड रिपोर्ट जारी करेगी।
