सरकारी आदेश के बाद Instagram में बड़ा बदलाव! अब कंटेंट रिकमेंडेशन के नियम होंगे सख्त


Bhawna Mishra

Bhawna Mishra

Nov 19, 2026


मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम को और सख्त कर दिया है। अब इंस्टाग्राम पर न्यूडिटी, यौन रूप से उकसाने वाला और आपत्तिजनक कंटेंट कम नजर आएगा। ये अपडेट्स उन अकाउंट्स पर लागू होंगे। जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते हैं। इसका सीधा मतलब है कि अब आपकी फीड पर अनजान लोगों का गलत कंटेंट नहीं दिखेगा।

 बता दें कि मेटा ने 16 नवंबर 2026 को इस अपडेट का ऐलान किया। इस फैसले के पीछे सोशल मीडिया कंपनियों पर बढ़ती सरकारी निगरानी भी एक अहम वजह है।किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में एल्गोरिदम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये तय करते हैं कि यूजर्स की फीड पर क्या आएगा और क्या नहीं।

मेटा के नए AI मॉडल से बदलेगा इंस्टाग्राम

मेटा के मुताबिक, पिछले एक साल में इंस्टाग्राम की डिफॉल्ट सिक्योरिटी सेटअप को और बेहतर किया गया है। इसके लिए कंपनी ने AI मॉडल को अपग्रेड किया है। ये मॉडल ऐसे कंटेंट की पहचान करते हैं। जो इंस्टाग्राम की रिकमेंडेशन गाइडलाइंस का पालन नहीं करते।

कंपनी का दावा है कि इस बदलाव का असर दिखने लगा है। भारत में आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतें पहले के मुकाबले आधी रह गई हैं।

अब AI की नजर से नहीं बचेंगी अनुचित पोस्ट

इंस्टाग्राम पर यूजर्स को रील्स, एक्सप्लोर और होम फीड में कई तरह के फोटो और वीडियो  देखने को मिलते हैं। इनमें ऐसे अकाउंट्स का कंटेंट भी होता है, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते। अब मेटा ऐसे कंटेंट पर भी खास ध्यान दे रहा है।

जहां पहले इंस्टाग्राम ऐसे कंटेंट की पहचान यूजर्स की रिपोर्ट और फीडबैक के आधार पर करता था। वहीं, मेटा इसके लिए अब और भी एडवांस AI मॉडल का इस्तेमाल करेगा।

अब AI खुद भी पोस्ट और वीडियो की जांच करेगा। यह सेक्सुअल और वायलेंट कंटेंट को तुरंत पहचानकर ऐसी पोस्ट को यूजर्स की फीड में आने से रोकने में मदद करेगा।

यूजर्स की प्रेफरेंस से बदलेगा इंस्टाग्राम का सिस्टम

मेटा ने बताया कि भारत में यूजर्स के फीडबैक को ध्यान में रखकर इस सिस्टम में बदलाव किए गए हैं। कंपनी यह समझने की कोशिश कर रही है कि यूजर्स किस तरह का कंटेंट देखना पसंद नहीं करते। इसी आधार पर AI सिस्टम को बेहतर बनाया गया है, ताकि ऐसी पोस्ट कम दिखाई दें।

हालांकि, कंपनी ने इन बदलावों से जुड़ा कोई डेटा साझा नहीं किया है। मेटा ने यह भी नहीं बताया कि अब तक कितने पोस्ट और वीडियो को फिल्टर किया गया है। 

इंस्टाग्राम से हर पोस्ट हटाना जरूरी नहीं

इंस्टाग्राम की नई पॉलिसी में एक बात समझना जरूरी है। किसी पोस्ट को रिकमेंडेशन से बाहर करने का मतलब यह नहीं है कि उसे प्लेटफॉर्म से रिमूव कर  दिया जाएगा। यानी कुछ पोस्ट इंस्टाग्राम पर ही रहेंगी।लेकिन वे ज्यादा यूजर्स तक नहीं पहुंचेंगी।

दरअसल, इंस्टाग्राम के ‘रिकमेंडेशन गाइडलाइंस’ और ‘कम्युनिटी स्टैंडर्ड्स’ अलग-अलग हैं। कम्युनिटी स्टैंडर्ड्स का उल्लंघन करने वाली पोस्ट हटाई जा सकती हैं। 

वहीं, रिकमेंडेशन गाइडलाइंस पर खरी न उतरने वाली पोस्ट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहेंगी। लेकिन मेटा ऐसी पोस्ट को रिकमेंड नहीं करेगा।

क्रिएटर्स को भी ध्यान रखनी होंगी गाइडलाइंस

दरअसल, हर देश में कंटेंट को लेकर अपने अलग नियम और कानून होते हैं। ऐसे में, अगर कोई पोस्ट कानून के खिलाफ है, तो इंस्टाग्राम उस पर रोक लगा सकता है।

इसका असर क्रिएटर्स की पोस्ट पर भी देखने को मिल सकता है। वे पहले की तरह इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट पब्लिश कर सकेंगे। लेकिन वह ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी, यह जरूरी नहीं है।

सरकार ने मेटा से एल्गोरिदम की जांच करने को कहा

इंस्टाग्राम के कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव से पहले सरकार भी इस मुद्दे पर चिंता जता चुकी थी। 10 अक्टूबर को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा को एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कंपनी से अपने रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम  रिव्यु करने को कहा गया था।

सरकार चाहती थी कि किसी भी तरह के गलत कंटेंट को ज्यादा बढ़ावा न मिले। मंत्रालय ने ऐसे कंटेंट पर भी चिंता जताई, जो लोगों को हिंसा के लिए उकसा सकता है। सरकार ने कहा कि यूजर्स को अलग-अलग तरह की जानकारी देखने का मौका मिलना चाहिए।

बच्चों से जुड़े कंटेंट पर भी मेटा की कार्रवाई

मेटा को अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद हार्मफुल कंटेंट को लेकर भी जांच का सामना करना पड़ रहा है।  कंपनी के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 के बीच उसने भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े 53 लाख कंटेंट पर कार्रवाई की।

इनमें से 98% से ज्यादा मामलों को मेटा ने खुद पहचान लिया था। यानी कंपनी ऐसे कंटेंट पर यूजर्स की शिकायतों से पहले ही कार्रवाई कर रही थी।

यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकेंगे इंस्टाग्राम फीड

इंस्टाग्राम पर यूजर्स को अपनी पसंद के हिसाब से कंटेंट देखने के लिए पहले से ही कई टूल मिलते हैं। इनमें ‘सेंसिटिव कंटेंट कंट्रोल’ फीचर भी शामिल है। इसकी मदद से यूजर्स सर्च, रील्स, एक्सप्लोर और फीड में संवेदनशील कंटेंट को कम कर सकते हैं।

इसके अलावा, यूजर्स किसी पोस्ट पर ‘नॉट इंटरेस्टेड’ का ऑप्शन चुन सकते हैं। इससे इंस्टाग्राम को पता चलता है कि वे उस तरह का कंटेंट नहीं देखना चाहते। 

यूजर्स चाहें तो पॉलिटिकल पोस्ट को भी रिस्ट्रिक्ट कर सकते हैं। वहीं, ‘हिडन वर्ड्स’ फीचर की मदद से कमेंट्स और मैसेज में आने वाले अपमानजनक शब्दों को छिपाया जा सकता है।

मेटा का कहना है कि वह यूजर्स के फीडबैक और नई तकनीक के आधार पर अपने सिस्टम को बेहतर बनाता रहेगा।

60-Words Summary:

मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम के कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम को और बेहतर बनाया है। अब यूजर्स को न्यूडिटी, हिंसा और आपत्तिजनक कंटेंट कम दिखाई देगा। इसके लिए कंपनी नए AI मॉडल का इस्तेमाल करेगी। ये मॉडल पोस्ट और वीडियो की जांच करेंगे। मेटा के मुताबिक, भारत में आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर शिकायतें 50% घटी हैं। यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से भी फीड को कंट्रोल कर सकेंगे।


Bhawna Mishra
Bhawna Mishra
  • 811 Posts

She is a seasoned writer with a passion for Storytelling and a keen interest in diverse topics. With 2.5 years of experience, she excels in writing about Tech, Sports, Entertainment, and various Niche topics. Bhawna holds a Postgraduate Degree in Journalism and Mass Communication from St Wilfred’s College of Jaipur.

Subscribe Now!

Get latest news and views related to startups, tech and business

You Might Also Like

Recent Posts

Related Videos

   

Subscribe Now!

Get latest news and views related to startups, tech and business

who's online