टेक की दुनिया में एक जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। OpenAI अब अपना खुद का ‘AI-फर्स्ट’ स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रहा है। कई रिपोर्ट्स और सप्लाई-चेन लीक से इस बात का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस स्पेशल फोन का प्रोडक्शन 2027 तक शुरू हो सकता है।

सबसे खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट पर Apple के दिग्गज डिज़ाइनर जॉनी इव काम कर रहे हैं। बता दें कि जॉनी इव वही शख्स हैं। जिन्होंने ओरिजिनल iPhone को डिजाइन करने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
कितना अलग होगा ‘OpenAI’ फोन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI का यह डिवाइस बाकी स्मार्टफोन्स से काफी अलग हो सकता है। इसमें ऐप्स और टच कंट्रोल की जरूरत कम हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह डिवाइस AI एजेंट्स पर बेस्ड होगा। यह फोन आपकी जरूरतों को खुद समझेगा और अपने आप टास्क पूरे कर देगा। आप इससे बिल्कुल इंसानों की तरह इंटरैक्ट कर पाएंगे।
अब ऐप्स की जगह ले सकता है AI
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डिवाइस मोबाइल इस्तेमाल का तरीका बदल सकता है। इसमें मैसेजिंग, शॉपिंग या बुकिंग के लिए अलग-अलग ऐप्स की जरूरत नहीं होगी। चाहे कंटेंट क्रिएशन हो या नेविगेशन, यूजर सिर्फ वॉइस असिस्टेंट अपना काम करा सकेंगे। आपको बस AI असिस्टेंट को कमांड देना होगा। वह बैकग्राउंड में खुद सारे काम कर देगा।
Open AI स्मार्टफोन में मिलेंगे ये स्पेशल फीचर्स
इस नए सिस्टम में कई खास फीचर्स मिल सकते हैं। यह डिवाइस आपकी हैबिट्स और प्रेफरेंस को बखूबी समझेगा। यह एक साथ कई काम करने में सक्षम होगा। यूजर्स को इस स्मार्टफोन में क्लाउड और फोन, दोनों की सुपर पावर होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि आप इससे लगातार बातचीत कर सकेंगे। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह फोन अब सिर्फ ऐप्स यूज करने तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि आपका एक स्मार्ट पर्सनल एजेंट बन जाएगा।
कस्टम AI चिप और पावरफुल हार्डवेयर
खबरों की मानें तो क्वालकॉम (Qualcomm) और मीडियाटेक (MediaTek) OpenAI के लिए खास चिप डिजाइन करेंगे। इस स्मार्टफोन में ऐसे प्रोसेसर होंगे। जो सिर्फ AI के लिए बने हैं। इन्हें खास तौर पर लैंग्वेज मॉडल, विज़न प्रोसेसिंग और रियल-टाइम कॉन्टेक्स्ट समझने के लिए बनाया गया जाएगा।
साथ ही, यह डिवाइस आपकी लोकेशन और जरूरतों को तुरंत भांप लेगा। वही मैन्युफैक्चरिंग के लिए कंपनी लग्ज़शेयर (Luxshare) के साथ पार्टनरशिप कर सकती है।
कैसा होगा फोन का इंटरनल पावरहाउस?
लीक्स में इस फोन के कई अहम फीचर्स का जिक्र है। इस डिवाइस में मीडियाटेक डायमेंसिटी (MediaTek Dimensity) का खास चिपसेट मिल सकता है। इसमें दो न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट्स (NPUs) दी जा सकती हैं। यह फोन फोटोग्राफी के लिए बेहतरीन HDR इमेज सेंसिंग से लैस होगा। स्पीड के लिए इसमें लेटेस्ट LPDDR6 रैम और UFS 5.0 स्टोरेज मिल सकती है। इसके अलावा, यह डिवाइस रियल-वर्ल्ड सेंसिंग पर भी फोकस कर सकता है।
Jony Ive की एंट्री से क्यों बढ़ी चर्चा?
इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह की एक बड़ी वजह जॉनी इव की भागीदारी है। वे iPhone, iMac, iPad और Apple Watch जैसे प्रोडक्ट्स के डिजाइनर रह चुके हैं। अब OpenAI ने उनकी कंपनी को एक बड़ी डील में खरीद लिया है। इससे साफ है कि कंपनी अब एक बिल्कुल नया और खास डिवाइस बनाना चाहती है।
कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि कंपनी बिना स्क्रीन वाला डिवाइस या स्मार्ट स्पीकर बना रही है। ऐसे में माना जा रहा हैं कि कंपनी पूरा ‘AI स्मार्टफोन’ तैयार कर रही है।
Apple और Android को मिलेगी नई चुनौती?
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि OpenAI के पास बड़ा AI इकोसिस्टम है। साथ ही इसका ChatGPT यूज़र बेस भी काफी मजबूत है। अगर कंपनी AI को फोन के सिस्टम में पूरी तरह फिट करने में सफल रही। तो इससे Apple और Google के मौजूदा स्मार्टफोन मॉडल को चुनौती मिल सकती है।
कई बड़ी चुनौतियां अब भी बाकी
इस प्रोजेक्ट के सामने कई चुनौतियां हैं। स्मार्टफोन बाजार में पहले से ही काफी कम्पटीशन है। इसमें नई जगह बनाना आसान नहीं होगा। एक नया ऐप इकोसिस्टम तैयार करना भी बड़ी चुनौती है। AI सिक्योरिटी और प्राइवेसी को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि यूज़र्स को iOS और Android में स्विच करने के लिए राजी करना होगा।
60-Words Summary:
OpenAI जल्द ही अपना AI-फर्स्ट स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डिवाइस पर जॉनी इव काम कर रहे हैं। यह फोन ऐप्स की जगह AI एजेंट्स पर आधारित होगा। यूजर्स सिर्फ वॉइस कमांड से कई काम कर पाएंगे। इसमें खास AI चिप, एडवांस्ड हार्डवेयर और स्मार्ट असिस्टेंट फीचर्स मिलने की उम्मीद है। यह डिवाइस भविष्य में iPhone और Android फोन को कड़ी चुनौती दे सकता है।
