मुकेश अंबानी की कंपनी ‘Jio Platforms’ जल्द ही शेयरमार्केट में एंट्री करने जा रही है। खबरों के मुताबिक, कंपनी 21 अक्टूबर 2026 को अपना मच अवेटेड IPO लॉन्च कर सकती है। करीब 37,000 करोड़ रुपये का यह इश्यू भारत के शेयर बाजार का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।
अगर यह प्लान सफल रहा, तो Jio Platforms हुंडई मोटर इंडिया का भी रिकॉर्ड तोड़ देगी। हुंडई ने 2024 में अपने IPO के जरिए 27,870 करोड़ रुपये जुटाए थे। फिलहाल, यह देश का सबसे बड़ा IPO है।
अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या मुकेश अंबानी की कंपनी नया रिकॉर्ड बना पाएगी। रिपोर्ट्स की मानें तो, Jio Platforms के शेयर 28 अक्टूबर को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकते हैं।

Jio IPO से मिलने वाला पैसा कहां होगा इस्तेमाल?
Jio Platforms के प्रस्तावित IPO से मिलने वाले फंड का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल हो सकता है। इन फंड्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से कंपनी के टेलीकॉम कारोबार ‘Reliance Jio Infocomm’ का कर्ज कम करने के लिए किया जाएगा।
कंपनी ने पहले बताया था कि कर्ज चुकाने के लिए करीब 27,500 करोड़ रुपये इस्तेमाल करने की योजना है। बाकी फंड का इस्तेमाल कंपनी की सामान्य जरूरतों के लिए हो सकता है।
Jio Platforms के इस IPO में नए शेयर जारी होने की उम्मीद है। यानी मौजूदा इन्वेस्टर्स अपने शेयर्स नहीं बेचेंगे। इस इश्यू से मिलने वाला फंड सीधे कंपनी को मिलेगा।
Meta और Google जैसे दिग्गजों का निवेश
बता दें कि 2020 में बड़े स्तर पर फंड जुटाने के बाद Jio Platforms ने कई ग्लोबल टेक कंपनियों का ध्यान खींचा। Meta और Google इसके प्रमुख विदेशी निवेशकों में शामिल हैं।
कंपनी का बिजनेस अब सिर्फ टेलीकॉम सर्विस तक सीमित नहीं है। Jio Platforms आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग, एंटरप्राइज नेटवर्किंग और डिजिटल सर्विस जैसे सेक्टर्स में भी काम कर रही है।
वहीं, इसकी टेलीकॉम सब्सिडियरी Reliance Jio Infocomm सब्सक्राइबर्स की संख्या के मामले में भारत की सबसे बड़ी मोबाइल ऑपरेटर है।
IPO मार्केट में बढ़ रही कंपनियों की दिलचस्पी
Jio Platforms का प्रस्तावित IPO ऐसे समय में आ रहा है। जब भारत के प्राइमरी मार्केट में कंपनियां तेजी से पैसा जुटा रही हैं। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कंपनियों ने IPO के जरिए रिकॉर्ड फंड जुटाए। इसके अलावा, सैकड़ों कंपनियां भी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
हाल ही में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने भी 2.3 अरब डॉलर के IPO के साथ बाजार में एंट्री की थी। हालांकि, Jio Platforms का प्रस्तावित IPO साइज इससे काफी बड़ा हो सकता है।
IPO की डेट और वैल्यूएशन पर सस्पेंस
IPO की तैयारी के तहत ‘Jio Platforms’ ने कई इंटरनेशनल मार्केट में इन्वेस्टर्स के साथ मीटिंग की हैं। कंपनी की फाइनल प्राइस और वैल्यूएशन अभी तय नहीं हुई है। 21 अक्टूबर को IPO लॉन्च होगा या नहीं, यह भी मार्केट कंडीशन पर भी निर्भर करेगा।
अगर तय शेड्यूल में बदलाव नहीं हुआ, तो इन्वेस्टर्स को जल्द ही भारत के बड़े डिजिटल बिजनेस में से एक के शेयर्स खरीदने का मौका मिल सकता है।
बताते चलें कि यह IPO लीडिंग टेक्नोलॉजी और टेलीकॉम कंपनियों में इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी को परखेगा। खासकर तब, जब भारतीय शेयर बाजार में नई कंपनियों की लिस्टिंग बढ़ रही है।
60-Words Summary:
Jio Platforms जल्द IPO ला सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह इश्यू 21 अक्टूबर 2026 को लॉन्च होगा। करीब ₹37,000 करोड़ का यह इश्यू भारत के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। कंपनी इस रकम का बड़ा हिस्सा Reliance Jio Infocomm का कर्ज चुकाने में इस्तेमाल करेगी। फिलहाल, IPO की तारीख और वैल्यूएशन पर सस्पेंस बना हुआ है।
