भारतीय रेलवे मुंबई से मंगलुरु को जोड़ने वाली एक नई वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना बना रही है। इस ट्रैन से यात्रा का समय लगभग 12 घंटे कम होने की उम्मीद है। इस योजना का उद्देश्य मुंबई-गोवा और मंगलुरु-गोवा रूट को मर्ज करते हुए ट्रांसपोर्टेशन को अनुकूलित करना और पैसेंजर्स की संख्या को बढ़ाना है।

फिलहाल मुंबई-गोवा और मंगलुरु-गोवा वंदे भारत ट्रेनों में औसतन 70% यात्री ट्रेवल करते हैं, हालांकि अधिकारियों का मानना है कि मुंबई से मंगलुरु तक की डायरेक्ट ट्रेन सेवा की शुरुआत से यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मंगलुरु-गोवा रूट पर बढ़ेगी यात्रियों की संख्या
रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलुरु-गोवा रूट पर यात्री संख्या 40% से भी कम होने के चलते यह मार्ग सबसे कम यात्रा किया जाने वाला रूट बन गया। जिसके बाद इस मार्ग को कोझिकोड तक विस्तारित करने का प्रारंभिक प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि, कर्नाटक के राजनीतिक नेताओं के कड़े विरोध के कारण इस योजना को रद्द कर दिया गया।
इस बीच, मुंबई से गोवा तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरूआती समय में 90% यात्री थे। लेकिन अब यह संख्या घटकर 70% रह गई है। यही कारण है की रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अगर इन दोनों रूट को मुंबई-मंगलुरु के रूट में जोड़ा जाता है, तो इससे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और सेवा भी बेहतर हो जाएगी।
मुंबई और मंगलुरु के बीच और केरल तक की ट्रेनों में आमतौर पर हर सीट भरी रहती है, जिससे यह स्पष्ट है कि डायरेक्ट ट्रेन सेवा की मांग काफी ज्यादा है। ऐसे में इस नए रूट से और भी ज्यादा लोग जुड़ने की उम्मीद है।
मुंबई-मंगलुरु वंदे भारत: कार्यक्रम और चुनौतियां
बताते चलें की वर्तमान में मुंबई-गोवा वंदे भारत ट्रैन सुबह 5:25 पर मुंबई से रवाना होकर दोपहर 1:10 बजे गोवा पहुंचती हैं। ऐसे में इस प्रस्तावित योजना के तहत, यह ट्रैन मंगलुरु तक जाएगी और लगभग 6 बजे तक यात्रियों को पहुंचा देगी। इसी तरह, मंगलुरु-गोवा वंदे भारत, सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:10 बजे गोवा पहुंचाएगी। इसके बाद अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए यह रात 9 बजे मुंबई पहुंचेगी।
हालांकि मुंबई में व्यस्त समय के दौरान प्लेटफ़ॉर्म पर भारी भीड़ होती है, जिससे समय-निर्धारण में थोड़ी चुनौतियां आ सकती हैं। खासकर उस समय जब कई लंबी दूरी की ट्रेनें एक साथ स्टेशन पहुंचती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए, सेंट्रल रेलवे मुंबई-मंगलुरु वंदे भारत सेवा में कुछ बदलाव करने पर विचार कर रहा है। अगर ये बदलाव सफलतापूर्वक लागू किए जाते हैं, तो नई सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनेगी।
___________________________________________________________
SUMMARY
भारतीय रेलवे मुंबई से मंगलुरु को जोड़ने वाली नई वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना बना रही है। इससे यात्रा के समय में 12 घंटे कि कमी आने की उम्मीद है। यह सेवा मुंबई-गोवा और मंगलुरु-गोवा रूट को मर्ज करेगी, जिससे यात्री संख्या में वृद्धि होगी। मुंबई में समय-सारिणी से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, उम्मीद है कि यह मार्ग डायरेक्ट कनेक्टिविटी की बढ़ती आवश्यकता को प्रभावी रूप से पूरा करेगा।
