केंद्र सरकार ने त्योहारों से पहले ही कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। हाल ही में सरकार ने FY 2024-25 के लिए एडहॉक बोनस को मंज़ूरी दे दी है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में ऑफिशियल नोटिस भी जारी किया है। इसके तहत केंद्र सरकार के ग्रुप ‘C’ और नॉन-गैज़ेटेड ग्रुप ‘B’ के कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। उन्हें 30 दिन के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा।
यह फैसला हर साल दिए जाने वाले त्योहार बोनस का हिस्सा है। सरकार आमतौर पर दुर्गा पूजा और दिवाली से पहले यह बोनस देती है। इससे केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में काम करने वाले हज़ारों कर्मचारियों को सीधा फायदा होगा।

सरकारी कर्मचारियों को कितना बोनस मिलेगा?
वित्त मंत्रालय ने बताया है कि प्रति कर्मचारी ₹6,908 का बोनस तय किया गया है। यह राशि ₹7,000 तक के वेतन को ध्यान में रखकर तय की गई है। बोनस की गणना इस फॉर्मूले से कि गई है-
₹7,000 × 30 / 30.4 = ₹6,907.89
इस अमाउंट को राउंड ऑफ करके ₹6,908 किया गया है। बता दें कि यह बोनस उन कर्मचारियों को मिलेगा जिनकी एवरेज सैलरी ₹7,000 या उससे ज्यादा है।अगर किसी कर्मचारी की सैलरी ₹7,000 से कम है, तो उसका बोनस भी कम होगा।
बोनस के लिए कुछ जरूरी शर्तें और नियम
कर्मचारियों को यह बोनस प्राप्त करने के लिए वित्त मंत्रालय के खास नियमों को पूरा करना होगा। जैसे-
- कर्मचारी को 31 मार्च, 2025 तक नौकरी में होना जरूरी है।
- FY 2024-25 में कम से कम 6 महीने लगातार काम करना होगा।
- अगर किसी कर्मचारी ने 12 महीने से कम काम किया है, तो उसे काम के महीनों के हिसाब से बोनस मिलेगा।
केंद्र सरकार के इन कर्मचारियों को भी मिलेगा बोनस
यह बोनस केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और सेना के कर्मचारियों को भी यह फेस्टिव बोनस दिया जाएगा। इसके साथ ही, यूनियन टेरिटरी एडमिनिस्ट्रेशन में काम करने वाले कर्मचारी भी इस बोनस के हकदार हैं। इस तरह, कई डिपार्टमेंट के कर्मचारी इस बोनस का फायदा उठा सकेंगे।
दिहाड़ी मजदूरों को भी मिलेगा बोनस
सरकार ने दिहाड़ी मजदूरों के लिए खास प्रावधान किए हैं। ऐसे मजदूर जो तीन साल से ज़्यादा समय से काम कर रहे हैं या जिन्होंने एक साल में कम से कम 240 दिन (पांच वर्किंग डे वाले मामलों में 206 दिन) काम किया है, उन्हें ₹1,184 का बोनस मिलेगा। जो कर्मचारी किसी और कंपनी या आर्गेनाइजेशन में काम कर रहे हैं, उन्हें वहीं से बोनस मिलेगा जहाँ वे अभी काम कर रहे हैं।
त्योहारी सीज़न में बढ़ेगा खर्च, बाजार को मिलेगी रफ्तार
सरकार के इस फैसले से सिर्फ कर्मचारियों को ही नहीं, बाजार को भी फायदा मिलेगा। बोनस से कर्मचारियों के एक्स्ट्रा इनकम आएगी। इससे त्योहारों के दौरान खर्च बढ़ने की उम्मीद है। खासतौर पर रिटेल और ज़रूरी सामानों की मांग बढ़ सकती है। सरकार चाहती है कि त्योहारों में खरीदारी बढ़े। बोनस देना इसी कोशिश का एक हिस्सा है।
Summary:
त्योहारों से पहले केंद्र सरकार ने ग्रुप ‘C’ और नॉन-गैज़ेटेड ग्रुप ‘B’ के कर्मचारियों को राहत देते हुए ₹6,908 का एडहॉक बोनस मंजूर किया है। यह बोनस कुछ शर्तों पर मिलेगा और दिहाड़ी मजदूरों को भी ₹1,184 की राशि दी जाएगी। CAPF, सेना और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे। इससे त्योहारों के दौरान बाजार में खर्च और मांग बढ़ने की उम्मीद है।
