सरकारी टेलिकॉम कंपनी BSNL के लिए यह क्वार्टर बेहतरीन साबित हुआ है । कंपनी ने 31 मार्च 2025 को समाप्त चौथे क्वार्टर में 280 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। बता दें की यह लगातार दूसरा क्वार्टर है, जब कंपनी फायदे में रही है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि बीएसएनएल ने लगभग 20 साल में पहली बार लगातार दो तिमाहियों में मुनाफा कमाया है।
हालांकि पिछले साल की हालात कुछ विपरीत थे। इसी अवधि में कंपनी को 849 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस बदलाव को टेलिकॉम सेक्टर में बीएसएनएल की वापसी का संकेत माना जा रहा है।

BSNL को लगातार दूसरी तिमाही में लाभ
BSNL ने तीसरे क्वार्टर में 262 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट रिकॉर्ड किया था। यह 2007 के बाद पहली बार था जब कंपनी मुनाफे में आई थी। अब चौथी तिमाही में भी कंपनी को फायदा हुआ है। भारतीय कम्युनिकेशन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “18 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है। जहां कंपनी ने लगातार दो क्वार्टर में शुद्ध लाभ रिकॉर्ड किया।
देखा जाए तो क्वार्टरली रिजल्ट्स अच्छे रहे हैं, लेकिन सालभर की तस्वीर अब भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। वित्त वर्ष 2024-25 में BSNL को कुल 2,247 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। पिछले साल यह नुकसान 5,370 करोड़ था। इस तरह कुल लॉस 58% कम हुआ है। फिलहाल नुकसान तो है, लेकिन कंपनी लगातार सुधार की ओर बढ़ रही है।
टेलीकॉम इंडस्ट्री में BSNL ने फिर से पकड़ी रफ्तार
BSNL की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार देखा जा रहा है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का रेवेन्यू 7.8% बढ़कर 20,841 करोड़ रुपये हो गया।
2024 में यह 19,330 करोड़ रुपये था। कुल टेलीकॉम आय में भी अच्छा इज़ाफा हुआ है। वित्त वर्ष 2024 के 21,302 करोड़ रुपये के मुकाबले यह 10% बढ़कर 23,427 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
ये आंकड़े BSNL की वित्तीय स्थिरता की दिशा में बढ़ते रुझान को दर्शाते हैं। ऐसे में कंपनी धीरे-धीरे मजबूत वापसी कर रही है।
BSNL की आय में मजबूत सुधार
अगर हम BSNL के व्यापार की बात करें, तो मोबिलिटी सर्विस से होने वाली इनकम में 6% की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में अब यह 7,499 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। FTTH यानी फाइबर-टू-द-होम सेवाओं ने भी 10% की वृद्धि देखी गई। इससे कंपनी की इनकम 2,923 करोड़ रुपये हो गई।
इसके बाद लीज़्ड लाइन्स और एंटरप्राइज़ सेवाओं में 3.5% की मामूली वृद्धि हुई। इसके साथ ही, BSNL का EBITDA भी दोगुना हो गया है। फाइनेंशियल ईयर 2025 में यह बढ़कर 5,396 करोड़ रुपये हो गया। 2024 में यह आकड़ा 2,164 करोड़ रुपये था। यह सारे आंकड़े BSNL के व्यवसाय में मजबूती का संकेत देते हैं।
इसका मतलब है कि इस साल EBITDA मार्जिन 23.01% रहा है। जो पिछले साल के 10.15% से काफी ज्यादा है।
BSNL की परफॉरमेंस में उल्लेखनीय सुधार
बताते चलें की BSNL के ऑपरेशनल परफॉरमेंस में इस साल सुधार देखा गया है। कंपनी के 27 टेलीकॉम सर्किलों में EBITDA सकारात्मक रहा है। यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2024 में 17 था। यानी, कंपनी ने अन्य 10 सर्किलों में बेहतर प्रदर्शन किया है। सिर्फ इतना ही नहीं, इस साल 10 सर्किलों ने नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। यह कंपनी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
BSNL के चेयरमैन रॉबर्ट जे रवि ने इस मौके पर एक अहम बयान दिया। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ मुनाफे के पीछे नहीं भागेंगे। हमारा मकसद टेलीकॉम सेवा में नई ऊंचाइयों को छूना है।” उन्होंने आगे कहा, “जब हम सही काम करते हैं – बेहतर सेवा देते हैं, जरूरतमंदों तक पहुंचते हैं और इंक्लूसिव टेक्नोलॉजी पर काम करते हैं। तो मुनाफा अपने आप आता है।
Summary
सरकारी कंपनी BSNL ने 18 साल बाद लगातार दो तिमाहियों में मुनाफा कमाकर शानदार वापसी की है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 280 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। टेलीकॉम सर्विस में सुधार और बढ़ती आय से BSNL की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। कंपनी का EBITDA दोगुना हो गया है। जो टेलीकॉम इंडस्ट्री में कंपनी की मजबूत वापसी को दर्शाता है।
